रांची | विशेष संवाददाता
श्रावण मास में भगवान शिव के भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची मंडल डाक विभाग ने एक विशेष पहल की है। इस बार श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए हरिद्वार के गंगाजल की खातिर परेशान नहीं होना पड़ेगा। विभाग ने राज्य के सभी डाकघरों में हरिद्वार का पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
मात्र 30 रुपये में मिलेगा गंगाजल, डाकिया घर-घर तक पहुंचाएंगे
डाक विभाग के अनुसार, हरिद्वार से मंगवाया गया पवित्र गंगाजल मात्र 30 रुपये प्रति बोतल की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं की सुविधा के लिए डाकियों को भी गंगाजल की बोतलें दी गई हैं। डाकिए अपने नियमित वितरण कार्य के दौरान इच्छुक लोगों के घर-घर जाकर गंगाजल पहुंचाएंगे।
प्रमुख मंदिरों के पास लगेंगे विशेष शिविर
सावन के दौरान राजधानी रांची के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों के आसपास डाक विभाग की ओर से विशेष स्टॉल (शिविर) लगाए जाएंगे। इन शिविरों से मंदिर आने वाले श्रद्धालु आसानी से गंगाजल खरीद सकेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे।
रांची मंडल के वरीय डाक अधीक्षक विनोद कुमार पंडित ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य सावन के इस पवित्र महीने में हर श्रद्धालु तक आसानी से और किफायती दर पर हरिद्वार का पवित्र जल पहुंचाना है, ताकि किसी को भी पूजा-सामग्री के लिए भटकना न पड़े।

