रायपुर, 8 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने और पैदल कलेक्टोरेट तक पहुंचने की घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कड़ी नाराजगी जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए जिला कलेक्टर से सीधी बात की और सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश एवं कार्यवाहियां:
जांच और जवाबदेही तय करने के निर्देश: मुख्यमंत्री ने कलेक्टर श्री अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर पूरी घटना की विस्तृत जांच करने को कहा है। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बुनियादी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश: विद्यालय में बिजली, शिक्षकों की कमी, नियमित पढ़ाई, मेस और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पैदल निकलना पड़े, यह स्थिति किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है।
सतत निगरानी और निरीक्षण: भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि आदिवासी अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। छात्रावासों में रहने वाले बच्चों की छोटी से छोटी समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनना और समयबद्ध समाधान करना मैदानी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। शासन की मंशा है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सकारात्मक वातावरण मिले।























