*संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति* बतौली, सरगुजा ग्राम पंचायत महेशपुर में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामवासियों ने तहसीलदार बतौली को शिकायत पत्र सौंपकर राजस्व जांच कराने और शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम महेशपुर निवासी सर्वानंद यादव पर गोठान के समीप स्थित शासकीय भूमि, खसरा नंबर 149, पर कथित रूप से कब्जा कर खेत बनाकर धान की खेती किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि कई बार समझाइश देने के बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि पर खेती की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि सड़क और गोठान से लगी हुई है, जिससे मवेशियों को चराने ले जाने तथा ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो भविष्य में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
शिकायत में तहसीलदार से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष राजस्व जांच कराई जाए, यदि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार उसे हटाया जाए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस शिकायत पत्र पर ग्राम पंचायत महेशपुर के सरपंच, उपसरपंच सहित अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।


