भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों में देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का मिज़ाज बिगड़ने वाला है। दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर दो अलग-अलग सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्रों का निर्माण हुआ है, जिनका असर व्यापक बारिश के रूप में दिखाई देगा। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों के कारण एक संभावित चक्रवाती तूफान भी बन सकता है।

तमिलनाडु में उत्तर-पूर्व मानसून ने जोर पकड़ लिया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, चेन्नई की निदेशक बी. अमुधा ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव अब सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है, जो चेन्नई से करीब 400 किलोमीटर दूर स्थित है। इसके चक्रवात में बदलने की आशंका जताई गई है। विभाग ने बताया कि यह प्रणाली बुधवार दोपहर तक और मजबूत होकर दबाव क्षेत्र में तब्दील हो सकती है, जिससे उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों पर भारी बारिश की संभावना है। चेन्नई समेत आठ जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जिनमें विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवल्लूर, तंजावुर, पुदुकोट्टई और रामनाथपुरम शामिल हैं।

केरल में भी आगामी सप्ताह में जोरदार बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 से 27 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक के तटीय और आंतरिक इलाकों में भी 22 से 24 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है, वहीं उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 23 और 24 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।

तेलंगाना में भी मौसम का असर देखा जाएगा। 23 से 25 अक्टूबर के बीच राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 36 घंटों में और तीव्र हो सकता है और इसके कारण 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 26 और 27 अक्टूबर को भारी बारिश होने की आशंका है।

ओडिशा में भी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर देखा जाएगा। मंगलवार और बुधवार को राज्य के पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजम, गजपति, बौध, कंधमाल, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

उधर, मुंबई और आसपास के इलाकों में भी मंगलवार को अचानक मौसम बदला। शहर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश हुई। दादर, बांद्रा, पवई, बायकुला, कुर्ला जैसे क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि नेरुल, बेलापुर, वाशी, सानपाड़ा और घनसोली में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।

मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही लोगों को यात्रा और जरूरी कार्यों की योजना बनाते समय मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखने का सुझाव दिया गया है। चूंकि निम्न दबाव का क्षेत्र और अधिक तेज होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, इसलिए तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

 

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version