बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ अब अपने अंतिम शूटिंग चरण में पहुंच चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का आखिरी इंटरनेशनल शेड्यूल अगस्त में अमेरिका में शूट किया जाएगा। इस शेड्यूल के पूरा होने के साथ ही निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की इस हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर की मुख्य शूटिंग पूरी हो जाएगी।
फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर लीड रोल में नजर आएंगे। पिता-बेटी की इस नई जोड़ी को देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं और फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इससे पहले फिल्म की शूटिंग जॉर्जिया, महबूब स्टूडियो और यशराज स्टूडियो में पूरी की जा चुकी है, जहां कई बड़े एक्शन और ड्रामेटिक सीक्वेंस फिल्माए गए। अमेरिका में फिल्म का क्लाइमैक्स और अंतिम एक्शन शेड्यूल शूट होने की संभावना है।
शूटिंग पूरी होने के बाद फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में जाएगी, जहां वीएफएक्स, एडिटिंग, साउंड डिजाइन, डॉल्बी मिक्सिंग और बैकग्राउंड स्कोर पर कई महीनों तक काम किया जाएगा। मेकर्स का लक्ष्य ‘किंग’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक्शन फिल्म के रूप में दर्शकों के सामने पेश करना है।


