रायगढ़ के तमनार थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 32 वर्षीय किसान की जान चली गई। हादसा तब हुआ, जब एक बोलेरो वाहन को रास्ता देने के प्रयास में उसका ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। यह घटना धौंराभांठा और आमगांव के बीच निर्माणाधीन तालाब के पास हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि चालक ट्रैक्टर से कूद भी जाता, तो पास में लगे नुकीले सरियों से उसकी जान जा सकती थी।
ये भी पढ़े शुभमन गिल की जर्सी की कीमत ने किया सबको हैरान, लगी लाखों की बोली
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान राजेन्द्र सिदार, निवासी ग्राम आमगांव, के रूप में हुई है। वह लगभग ढाई महीने पहले नया ट्रैक्टर खरीदकर खेती-किसानी में जुटा हुआ था। शनिवार (9 अगस्त) की सुबह वह खेत की जोताई करने निकला था। पूरे दिन मेहनत करने के बाद शाम करीब 6 बजे वह घर लौट रहा था।
धौंराभांठा और आमगांव के बीच जैसे ही वह निर्माणाधीन तालाब के पास पहुंचा, सामने से एक बोलेरो आती दिखी। सड़क संकरी होने के कारण राजेन्द्र ने बोलेरो को साइड देने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैक्टर का एक चक्का सड़क से उतर गया और ट्रैक्टर पलट गया। राजेन्द्र ट्रैक्टर के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़े अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की सालाना सैलरी चौंकाने वाली, भारत के मुकाबले कई गुना ज्यादा
गांव में मची अफरा-तफरी, मौके पर जुटी भीड़
हादसे की खबर जैसे ही आस-पास के ग्रामीणों को मिली, वे बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। निर्माणाधीन तालाब के किनारे ट्रैक्टर पलटा पड़ा था और उसका चालक उसके नीचे फंसा हुआ था। कई लोगों ने मिलकर चालक को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ग्रामवासियों का कहना है कि तालाब के किनारे गड्ढा गहरा था और उसमें लोहे के सरिये निकले हुए थे। ऐसे में, अगर चालक कूद भी जाता तो गंभीर रूप से घायल हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही तमनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।