जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2022 के दुष्कर्म प्रकरण में फरार चल रहे स्थाई वारंटी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह को पुलिस ने तपकरा क्षेत्र से पकड़ लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मामला थाना तुमला क्षेत्र का है, जहां वर्ष 2022 में एक युवती ने आरोपी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती ने बताया था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर विवाह से इंकार कर दिया। मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 366, 376(2)(N) एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को उसी वर्ष गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लेकिन अदालत से जमानत मिलने के बाद आरोपी लगातार फरार हो गया था। कई नोटिस देने के बाद भी न्यायालय में उपस्थित न होने पर उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान ऑपरेशन अंकुश के तहत फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। इसी दौरान पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन तपकरा क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोमल सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक सोनू सिंह तथा साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि दुष्कर्म जैसे संवेदनशील मामलों में फरार किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

