जशपुर
नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर और रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए एक लग्जरी कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटनाक्रम की शुरुआत 12 अप्रैल को हुई जब रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के संबलपुर से एक संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (क्रमांक DL-3CB-5298) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। लैलूंगा पुलिस लगातार इस वाहन का पीछा कर रही थी और इसकी सूचना जशपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई और पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर दी गई।
दोपहर करीब 2:00 बजे जब संदिग्ध कार नाकेबंदी के पास पहुंची, तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। जशपुर पुलिस की टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया, जिससे घबराकर तस्करों की कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक नाले के गड्ढे में जा फंसी। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए कार को घेर लिया और उसमें सवार संजीव कुमार नट (इटावा, उत्तर प्रदेश) और विजय पंडित (वैशाली, बिहार/पुणे निवासी) को हिरासत में ले लिया।
कार की गहन तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त स्थान से 7 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में खाकी टेप से लिपटे हुए 108 पैकेट गांजा भरा था। जब आरोपियों से इसके संबंध में दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। पुलिस ने गांजे सहित तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कुल कीमत 56 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप ओडिशा के संबलपुर से लेकर लैलूंगा और पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। थाना पत्थलगांव में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, लैलूंगा पुलिस टीम और अन्य आरक्षकों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

