मिडिल ईस्ट की जंग से ड्राई फ्रूट्स बाजार में लगी ‘आग’: ईरानी बादाम-पिस्ता के दाम 30% तक बढ़े, काजू-किशमिश भी हुए महंगे
रायपुर: छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा (Re-Exam) को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई इस बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों (SP) को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा और गोपनीयता के बेहद कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा के प्रश्न-पत्र और ओएमआर (OMR) शीट को पूरी सुरक्षा के साथ एयर फोर्स (भारतीय वायु सेना) के माध्यम से छत्तीसगढ़ लाया और मूव किया जाएगा, जिसके लिए कलेक्टर और एसपी को पहले से सुरक्षित तैयारी रखने को कहा गया है।
भ्रष्ट अफसरों की अब खैर नहीं! छत्तीसगढ़ सरकार ने बदला नियम, भ्रष्टाचार के मामलों में 45 दिनों के भीतर केस चलाने की देनी होगी मंजूरी
21 जून को योग दिवस की गतिविधियों से प्रभावित नहीं होगी परीक्षा
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ भी है, इसलिए जिला प्रशासन यह पहले से सुनिश्चित कर ले कि योग दिवस के कार्यक्रमों के कारण किसी भी परीक्षा केंद्र पर यातायात या संचालन में कोई बाधा न आए। परीक्षार्थियों को केंद्रों तक आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
व्यवस्थाओं को पूरी तरह परखने के लिए मुख्य सचिव ने परीक्षा से ठीक एक दिन पहले, यानी 20 जून को सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की ‘मॉक ड्रिल एक्सरसाइज’ करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हर जिले में एक एक्टिव कंट्रोल रूम (नियंत्रण कक्ष) बनाया जाएगा, जो परीक्षा के दिन पल-पल की प्रभावी निगरानी रखेगा।
प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर पर्यावरण मंडल का बड़ा हंटर: 94 फैक्ट्रियों को नोटिस, करोड़ों का जुर्माना और सुधर गई हवा
बच्चों की घबराहट दूर करने के लिए होगी काउंसलिंग
परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं के मानसिक तनाव को कम करने के लिए भी सरकार ने संवेदनशीलता दिखाई है। मुख्य सचिव ने कहा कि बच्चे परीक्षा से घबराएं नहीं और शांत मन से पेपर दें। इसके लिए उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) की एक संयुक्त टीम बनाकर बच्चों की उचित काउंसलिंग कराई जाए ताकि उनका डर दूर हो सके।
छत्तीसगढ़ में भाजपा का ‘महाजनसंपर्क अभियान’ आज से शुरू, केंद्र के 12 वर्ष पूरे होने पर जनता के बीच पहुंचेंगे दिग्गज नेता
छत्तीसगढ़ के 19 शहरों में बनाए गए 127 केंद्र
बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 19 शहरों में नीट पुनः परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं। उन्होंने सभी जिला प्रशासन के अधिकारियों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करने की अपील की है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव बसवराजु एस., राज्य नोडल अधिकारी पीयूष शुक्ला समेत तकनीकी शिक्षा संचालनालय, पुलिस विभाग और एनआईसी (NIC) के आला अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, रायगढ़, कोरबा और दंतेवाड़ा सहित प्रदेश के सभी संबंधित 19 जिलों के कलेक्टर और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।



