अम्बिकापुर, 7 मार्च 2026/ बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “समाधान योजना 2026” लागू की गई है। इस योजना के माध्यम से लंबे समय से बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में विशेष छूट प्रदान कर बकाया राशि के निराकरण का अवसर दिया जा रहा है।
आदेशानुसार योजना का लाभ उन उपभोक्ताओं को मिलेगा जिनके विद्युत देयक 31 मार्च 2023 तक बकाया हैं। योजना के तहत यदि उपभोक्ता निर्धारित अवधि में बकाया मूल राशि का भुगतान करते हैं तो उन पर लगाए गए अधिभार (सरचार्ज) में छूट प्रदान की जाएगी। इससे बड़ी संख्या में घरेलू एवं अन्य उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलेगी।
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बकाया राशि से राहत दिलाना तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करना है। इसके लिए उपभोक्ता नजदीकी विद्युत कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कंपनी द्वारा सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में योजना का लाभ लेते हुए अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान करें, जिससे सरचार्ज में छूट का लाभ मिल सके और विद्युत सेवा सुचारू रूप से संचालित हो सके।

