जशपुर : जशपुर जिले के तपकरा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ शक की काली परछाई ने एक हँसते-खेलते घर को मातम में बदल दिया। ग्राम पुटली निवासी जेरोम तिर्की ने चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी अलकिसलिया तिर्की की लोहे के धारदार हथियार ‘दौली’ से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
घटना की शुरुआत 6 मार्च की रात करीब 2:30 बजे हुई, जब जेरोम तिर्की ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए विवाद शुरू किया। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में पागल पति ने घर में रखी दौली उठाई और पत्नी के गले पर वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद अपने छोटे भाई जूलियस तिर्की के पास पहुँचा और अपने गुनाह का इकबाल करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी को खत्म कर दिया है। जब परिजन घर पहुँचे तो बिस्तर पर अलकिसलिया की लहूलुहान लाश पड़ी थी और गले पर गहरे जख्म थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तपकरा पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव का पंचनामा किया और आरोपी जेरोम तिर्की को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे के हथियार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में एएसआई रामजी साय पैंकरा, प्रेमिका कुजूर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पासा पलट न्यूज़ इस घटना की कड़ी निंदा करता है, क्योंकि जहाँ विश्वास होना चाहिए था, वहाँ शक ने एक इंसान को हैवान बना दिया।























