रांची: झारखंड की राजधानी रांची के रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत पारंपरिक झारखंडी और आदिवासी अंदाज में किया गया। इस दौरान कलाकारों के बीच पहुंचकर उन्होंने खुद मांदर बजाया, जिसने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया।
झारखंड मेरी जन्मभूमि, घर आने जैसा अहसास: नितिन नबीन
कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर राज्य में पार्टी को फिर से सत्ता में लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा: झारखंड उनकी जन्मभूमि है और उनकी शिक्षा का बड़ा हिस्सा इसी राज्य में बीता है। यहां आना उनके लिए ‘घर वापसी’ जैसा है। पंचायत से लेकर संसद तक पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ जुटना होगा।पश्चिम बंगाल और बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद पार्टी ने जनाधार बढ़ाया है, और झारखंड के कार्यकर्ताओं में भी वही जुझारूपन है।
केंद्र की उपलब्धियां और विपक्ष पर प्रहार
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया:भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मान्यता दी गई। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत भी इसी धरती से हुई थी।विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वाले दलों ने हमेशा संस्थाओं को कमजोर किया है।मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी भर्ती घोटालों, युवाओं के भविष्य और राज्य सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रखेगी।
राज्य सरकार पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का हमला
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि वे हनुमान की तरह अपनी शक्ति को पहचानें। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की वर्तमान सरकार ने किसानों, गरीबों और छात्रों से किए चुनावी वादे पूरे नहीं किए हैं। भर्ती घोटालों, खाद की कालाबाजारी और कल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही के मुद्दे पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


