बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के पुलिसकर्मियों की वर्दी में बदलाव करने का निर्णय लिया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, आगामी 9 मार्च से राज्यभर के सभी पुलिसकर्मी ग्रीष्मकालीन वर्दी में ड्यूटी करेंगे। यह नई व्यवस्था 15 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
नए आदेश के तहत पुलिसकर्मियों को आस्तीन मोड़कर वर्दी (हाफ शर्ट) पहनने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान टोपी पहनना भी अनिवार्य होगा। आईजी प्रोविजन की ओर से इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर राज्य के सभी पुलिस विभागों और इकाइयों को सूचित कर दिया गया है, ताकि निर्धारित तिथि से इसका पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके।
गौरतलब है कि इससे पहले 4 नवंबर 2025 को एक आदेश जारी कर 15 नवंबर 2025 से शीतकालीन वर्दी लागू करने का निर्देश दिया गया था, जिसके बाद से पुलिसकर्मी बंद आस्तीन वाली वर्दी में ड्यूटी कर रहे थे। अब बढ़ते तापमान और गर्मी को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय ने फिर से ग्रीष्मकालीन वर्दी को लागू करने का फैसला लिया है। अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से चिलचिलाती धूप और गर्मी के मौसम में मैदानी ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को काफी सहूलियत मिलेगी और वे अधिक सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

