सूरजपुर: रेड नदी में नहाने के दौरान डूबे एक ही परिवार के चार लोग, पिता-पुत्र समेत दो भतीजों की मौत
सूरजपुर: जिले में बहने वाली रेड नदी में नहाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र और उनके दो सगे भतीजे शामिल हैं। सभी मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले थे और सूरजपुर के चंदरपुर नवापारा में अपनी रिश्तेदार (मौसी) के घर घूमने आए थे।जानकारी के अनुसार, नदी में नहाने के दौरान पहले तीन बच्चे गहराई और भंवर में फंसकर डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए पिता पानी में उतरे, लेकिन वे भी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों शवों को बाहर निकाला।मृतकों की पहचान: विवेक कुमार सिंह (45), उनका पुत्र अभिजीत सिंह (20), भतीजे गोपाल कृष्ण (13) और कृष्ण गोपाल (15)। शवों को पोस्टमार्टम के लिए विश्रामपुर भेज दिया गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सरगुजा: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंदा, दो दोस्तों की मौत; महिला घायल
अंबिकापुर: सरगुजा संभाग के प्रतापपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करसी के पास एक अनियंत्रित पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था।राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी शिवकुमार गोंड (35) अपने दोस्त मनीष यादव और पत्नी राजकुमारी के साथ बाइक से प्रतापपुर से घर लौट रहे थे। ग्राम करसी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिवकुमार गोंड को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घायल राजकुमारी का इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर है। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
अंबिकापुर: पटाखे फोड़ने और तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना करने पर 10वीं के छात्र का अपहरण कर पीटा
अंबिकापुर: शहर के नमनाकला स्थित कार्मेल स्कूल के पास बेखौफ मनचलों द्वारा 10वीं के एक छात्र का अपहरण कर बेदम पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित छात्र 22 अक्टूबर की शाम घर के पास खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक से तेज रफ्तार में घूम रहे और पटाखे फोड़ रहे युवकों को छात्र ने आराम से चलने की सलाह दी। इस पर आक्रोशित युवकों ने छात्र को जबरन बाइक पर बैठाया और पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड ले जाकर लाठी-डंडों व मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त को भी पीटा गया। घायल छात्र का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान छिपी रखने के लिए उन्होंने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था; पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
बलौदाबाजार: ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत 30 किलो गांजा जब्त, प्रयागराज के 7 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बलौदाबाजार: जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत सिमगा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गांजा ले जा रहे 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नाकेबंदी के दौरान तस्करों की स्विफ्ट कार भागने के चक्कर में एनएच-130 पर दामाखेड़ा के पास डिवाइडर से टकरा गई। तलाशी लेने पर कार से 15 पैकेटों में रखा 30 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट व पायलट कर रही बलेनो कार और 6 मोबाइल समेत कुल 25.41 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। पकड़े गए आरोपी प्रयागराज के निवासी हैं, जिनमें से एक आरोपी पत्रकार के सहायक और दूसरा ग्रामीण चिकित्सक की आड़ में चेकिंग से बचने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
कांकेर: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद नाबालिग को भगाकर ले गया युवक, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
कांकेर: भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के कच्चे पुलिस चौकी अंतर्गत इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग लड़की से जान-पहचान बनाकर उसे भगाने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोंडागांव जिले के ग्राम कुसमा निवासी 20 वर्षीय धनेश्वर नेताम की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नाबालिग से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि वह 15 अक्टूबर को लड़की को बहला-फुसलाकर अपने गांव ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की गुमशुदगी की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस ने 22 अक्टूबर को युवती को आरोपी के घर से सकुशल बरामद किया। पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी धनेश्वर नेताम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


