रायपुर:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 2:45 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनसमस्या निवारण प्रणाली ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’ की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के सभी 33 जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए सीधे जुड़ेंगे। बैठक का मुख्य फोकस शिकायतों के केवल कागजी निपटारे के बजाय उनकी वास्तविक गुणवत्ता और जनता की संतुष्टि के स्तर को जांचना होगा।
4 महीने में करीब 2 लाख जनशिकायतें दर्ज
प्रदेश के नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचाने के लिए 9 जून 2026 को ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’ की शुरुआत की गई थी। सेवा शुरू होने के शुरुआती चार महीनों के भीतर ही इस पोर्टल व कॉल सेंटर पर लगभग 2 लाख शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इतनी बड़ी संख्या में शिकायतों का आना यह दर्शाता है कि आम जनता ने इस व्यवस्था पर भरोसा जताया है, जिसके चलते अब मुख्यमंत्री स्वयं इसके क्रियान्वयन की कमान संभाल रहे हैं।
खानापूर्ति नहीं, समाधान और संतुष्टि पर होगा जोर
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले की कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा करेंगे:
शिकायतों का समाधान केवल फाइलों में न दिखे, बल्कि धरातल पर प्रार्थी की समस्या हल हुई या नहीं, इसकी गहन समीक्षा की जाएगी।शिकायत निवारण के बाद आम नागरिकों से मिले संतुष्टि फीडबैक का विश्लेषण किया जाएगा।
मामलों के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के आधार पर सभी 33 जिलों की रैंकिंग व प्रगति रिपोर्ट का आकलन होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ढिलाई बरतने वाले अफसरों को सख्त हिदायत देते हुए जनसमस्याओं के समयबद्ध और पारदर्शी समाधान के लिए नए दिशा-निर्देश भी जारी करेंगे।


