नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी द्वारा 1 नवंबर को राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में प्रस्तावित विशाल जनसभा के लिए दिल्ली पुलिस ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक की अवधि के लिए यह अनुमति दी है।
तैयारियों के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मैदान रहेगा बुक
सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि विरोध-प्रदर्शन और रैलियों के लिए तय दिशा-निर्देशों के तहत सीबीडी ग्राउंड, बुराड़ी मैदान और रामलीला मैदान को निर्धारित स्थल घोषित किया गया है।
डीसीपी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने सबसे पहले नगर निगम (MCD) से रामलीला मैदान की उपलब्धता की जानकारी ली थी। एमसीडी द्वारा 25 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच मैदान के खाली होने की पुष्टि के बाद पार्टी ने दिल्ली पुलिस से एनओसी के लिए संपर्क किया। सभी आवश्यक पहलुओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के बाद पुलिस ने औपचारिक एनओसी मंजूर कर दी है, जिससे अब कांग्रेस अपनी तैयारियां शुरू कर सकेगी।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर
दिल्ली पुलिस कार्यक्रम के सुचारु संचालन को लेकर आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है। इसके साथ ही, राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस व अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर एक व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन योजना तैयार की जा रही है।


