जशपुरनगर। जगत जननी मां दुर्गा की उपासना के महापर्व नवरात्र की षष्ठी के दिन शुक्रवार को अक्स गरबा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। शहर के श्रीहरि कीर्तन भवन के प्रांगण में आयोजित इस गरबा उत्सव में शहर और आसपास के ग्रामीण अंचल से सैकड़ों की संख्या में दर्शक उमड़े। पारंपरिक वेशभूषा में सजे हुए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ गरबा नृत्य किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, सुनील सोनी और चिट्टू गुप्ता उपस्थित रहे। प्रतिभागियों व दर्शकों को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार राय ने कहा कि गरबा महोत्सव सनातन धर्म की सदियों पुरानी परंपरा है। जिस तरह से युवा इसमें शामिल हो रहे हैं, यह सनातन धर्म के भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने आयोजकों व स्वयंसेवकों की मेहनत की भी प्रशंसा की।

जिला पंचायत के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि गरबा एक नृत्य होने के साथ-साथ माता रानी की आराधना और भक्ति का एक साधन है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा आयोजन है, जहां आकर दो-तीन पीढ़ियां एक साथ ताल से ताल मिलाते हुए, माता रानी की भक्ति में लीन होकर नृत्य करती हैं। एसएसपी सिंह ने नवरात्र व दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने वाहन चालकों से वाहन चलाने के दौरान यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

भक्ति संगीत में झूमें प्रतिभागी और दर्शक अक्स गरबा महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध गायिका अर्चना गोस्वामी और शिवम भास्कर ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। अर्चना गोस्वामी ने प्यारी लोक पूजा और हनुमान अंश के गीतों पर सभी को जमकर झुमाया। वहीं, शिवम भास्कर ने भी अपनी प्रस्तुति से प्रतिभागियों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।



