रायपुर, 25 अक्टूबर 2026: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने छत्तीसगढ़ प्रदेशभर में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया है। इस विशेष अभियान के तहत बीते दो दिनों, 24 और 25 अक्टूबर को नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 364 वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिससे 4 लाख 81 हजार 300 रुपए का समन शुल्क वसूला गया है।
परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर के दिशा-निर्देशों पर राज्य के सभी जिला परिवहन कार्यालयों द्वारा यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान बिना परमिट संचालित 12 वाहन, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के 10 वाहन, बिना बीमा के 3 वाहन और बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के 27 वाहन पाए गए। इसके अलावा अन्य नियमों के उल्लंघन के 312 मामलों सहित कुल 364 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। गंभीर उल्लंघन के मामलों में 5 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, नियम विरुद्ध संचालन पाए जाने पर 19 मामलों में वाहन परमिट निरस्त करने के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं, जिनमें 17 मामले अकेले रायपुर जिले के हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से वैध परमिट, फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज रखने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


