जशपुर नगर
कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित जिले के प्रतिष्ठित संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया गया है। पूर्व में 12 अप्रैल को प्रस्तावित यह परीक्षा अब 25 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है और इसके लिए सभी विकासखंड मुख्यालयों के स्वामी आत्मानंद विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने हेतु सभी विद्यालयों के प्राचार्य 15 अप्रैल 2026 तक आवेदन पत्र संकलित कर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करेंगे, जहाँ से परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र प्राप्त होंगे। विशेष रूप से यह स्पष्ट किया गया है कि जिन विद्यार्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। इस वर्ष कक्षा 9वीं में 40-40 सीटों के साथ-साथ कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं में रिक्त सीटों के लिए भी प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है।
इस बार की प्रवेश परीक्षा को अत्यंत प्रतिस्पर्धी बनाया गया है, जिसमें पहली बार नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया है। प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाएंगे, जबकि एक गलत उत्तर पर 1 अंक काटा जाएगा। परीक्षा के स्वरूप के अंतर्गत कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों से पूर्व कक्षा के पाठ्यक्रम के आधार पर विज्ञान और गणित के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स विषयों से 25-25 प्रश्न शामिल होंगे।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस संस्थान के माध्यम से जेईई (JEE) और नीट (NEET) जैसी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की सफलता सुनिश्चित करना है। नए सत्र से शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कक्षा 9वीं से ही एनसीईआरटी (NCERT) पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए साप्ताहिक टेस्ट, एनटीए पैटर्न पर मासिक ऑनलाइन टेस्ट और देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के स्टडी मटेरियल की व्यवस्था की गई है। संस्थान में प्रवेश का मुख्य आधार मेरिट सूची होगी, जिसके माध्यम से चयनित छात्र निःशुल्क आवासीय सुविधा, गणवेश और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में उच्च शिक्षा की तैयारी कर सकेंगे।

