पटना: राजधानी पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र स्थित जीतन छपरा गांव में शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई। एक कलयुगी बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का सिर गांव के दुर्गा मंदिर में मिला, जबकि उसका धड़ घर के अंदर पड़ा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
मंदिर ले जाकर काटा गला
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी अजीत यादव अपने छोटे भाई को किसी बहाने से गांव के दुर्गा मंदिर ले गया था। आरोप है कि वहां उसने धारदार हथियार से छोटे भाई का गला रेत कर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद उसने सिर को मंदिर परिसर में ही छोड़ दिया और धड़ घर के अंदर ले जाकर रख दिया। जैसे ही इस जघन्य हत्याकांड की खबर फैली, पूरे गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
इलाके में फैली सनसनी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही रानीतालाब थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव के दोनों हिस्सों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अजीत यादव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
अंधविश्वास या पारिवारिक रंजिश? जांच में जुटी पुलिस
शव का सिर दुर्गा मंदिर में मिलने के कारण ग्रामीणों के बीच अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के चक्कर में नरबलि दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे अंधविश्वास, संपत्ति विवाद, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे जीतन छपरा गांव में मातमी सन्नाटा और दहशत का माहौल है।


