बीड: महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव तालुका में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां रविवार सुबह करीब 11 बजे खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटा के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार महाराष्ट्र राज्य परिवहन (ST) की बस से आमने-सामने टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
तुलजापुर जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग बीड जिले के माजलगांव शहर और आसपास के इलाके के रहने वाले थे। ये सभी श्रद्धालु देवी तुलजा भवानी के दर्शन के लिए कार से तुलजापुर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांचों लोगों की जान चली गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह सड़क की स्थिति बेहद खराब है, सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और दरारें हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


