जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड भी जब्त किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के जशपुर जिला अध्यक्ष करनैल सिंह (निवासी चराईडांड़, थाना कुनकुरी) ने 17 अक्टूबर 2026 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को उन्होंने फेसबुक पर ‘हेमंत बेदी’ नाम के यूजर आईडी से एक पोस्ट देखा। इस पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक व अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं, जिससे हिंदू धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत हुईं और समाज में आक्रोश फैल गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार बेदी (उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम बिहावल, पतराटोली, थाना कांसाबेल) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199 और 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। जब पुलिस टीम धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देने आरोपी के पास पहुंची, तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से आपत्तिजनक पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और जियो सिम जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस मामले पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री प्रसारित करना बेहद गंभीर अपराध है। समाज का धार्मिक सौहार्द और शांति बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जशपुर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


