बॉलीवुड की चर्चित अपकमिंग क्राइम ड्रामा फिल्म ‘दायरा’ (Daayra) को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। फिल्म के मेकर्स ने करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन के नए सोलो पोस्टर जारी किए हैं, जिसमें दोनों कलाकार पुलिस अधिकारी के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में करीना कपूर खान DCP अजूनी कोहली के किरदार में दिखाई दे रही हैं। उनका इंटेंस लुक और सख्त तेवर उनके नो-नॉनसेंस पुलिस ऑफिसर वाले किरदार की झलक देते हैं। पोस्टर के बैकग्राउंड में तेजी से गुजरते ट्रक्स फिल्म में मौजूद सस्पेंस, अर्जेंसी और मिस्ट्री का माहौल और गहरा करते हैं।

पृथ्वीराज का भी दिखा दमदार अंदाज
वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन DCP रमन कुमार की भूमिका में नजर आएंगे। उनके पोस्टर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच उनका गंभीर और तनावपूर्ण अंदाज देखने को मिलता है। शांत चेहरे के पीछे छिपा गुस्सा और इंटेंसिटी फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है।
मेघना गुलजार ने संभाली निर्देशन की कमान
‘दायरा’ का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्ममेकर मेघना गुलजार ने किया है। फिल्म की कहानी यश केस्वानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने मिलकर लिखी है। यह जंगल पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज की पहली साझेदारी है। वहीं, मेघना गुलजार और जंगल पिक्चर्स इससे पहले ‘तलवार’ और ‘राजी’ जैसी चर्चित फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
कब रिलीज होगा ट्रेलर और फिल्म?
फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 31 अगस्त 2026 को रिलीज किया जाएगा। वहीं करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की यह क्राइम ड्रामा फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।























