बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म के गाने ‘जी जी रे जी’ में श्रद्धा के डांस की खूब चर्चा हो रही है। अब फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने खुलासा किया है कि इस गाने की शूटिंग के लिए श्रद्धा कपूर ने कितनी मेहनत की और इस दौरान उन्हें कितनी तकलीफों का सामना करना पड़ा।
8 किलो के घुंघरू पहनकर की 25 दिन तक प्रैक्टिस
फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने पुणे में आयोजित गाने के लॉन्च इवेंट के दौरान बताया कि श्रद्धा कपूर ने ‘जी जी रे जी’ गाने की तैयारी के लिए करीब 25 दिनों तक लगातार अभ्यास किया था। इस दौरान वह रोजाना अपने पैरों में करीब 8 किलो के घुंघरू बांधकर रिहर्सल करती थीं। लगातार भारी घुंघरू पहनकर डांस करने के कारण उनके पैरों में सूजन आ गई थी और मांसपेशियों में भी चोट लग गई थी।

मसल टियर के कारण रोकनी पड़ी शूटिंग
लक्ष्मण उतेकर के मुताबिक, गाने की शूटिंग के पहले दिन सबकुछ ठीक रहा, लेकिन दूसरे दिन श्रद्धा कपूर की मांसपेशियों में चोट आ गई। इसके चलते शूटिंग रोकनी पड़ी। डायरेक्टर ने बताया कि श्रद्धा इस गाने को लेकर काफी उत्साहित थीं। उन्हें शूटिंग रुकने से ज्यादा दुख श्रद्धा को रोते हुए देखकर हुआ।
एक महीने बाद सेट पर लौटीं श्रद्धा
चोट के बावजूद श्रद्धा कपूर ने हार नहीं मानी। करीब एक महीने तक रिकवरी के बाद उन्होंने दोबारा सेट पर वापसी की और गाने की शूटिंग पूरी की। निर्देशक के अनुसार, वापसी के बाद श्रद्धा ने पहले से भी बेहतर तरीके से इस गाने को शूट किया। उन्होंने अभिनेत्री के समर्पण और मेहनत की जमकर तारीफ की।
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ईठा’
फिल्म ‘ईठा’ एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जो महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। श्रद्धा कपूर के अलावा इसमें रणदीप हुड्डा, सिद्धार्थ जाधव, जीशान अय्यूब, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



