रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव बस स्टैंड परिसर में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां खड़ी रॉयल ट्रेवल्स की एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ।
एसी से उठा धुआं, परिसर में मची भगदड़
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात बस स्टैंड में खड़ी बस के एयर कंडीशनर (एसी) से अचानक घना धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में धुएं का गुबार देख बस स्टैंड परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बस से धुआं और लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों और अन्य बस चालकों ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बिना देर किए तुरंत आग बुझाने के उपाय शुरू कर दिए। समय पर किए गए प्रयासों की वजह से आग ज्यादा नहीं फैल सकी और उसे तुरंत बुझा दिया गया, जिससे स्टैंड पर खड़ी अन्य बसों तक आग फैलने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
तकनीकी खराबी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक अनुमान के अनुसार, बस के एसी में आई किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी हो सकती है। हालांकि, घटना के सटीक कारणों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर जांच में जुटी हुई है।


