लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान टेकऑफ के दो मिनट बाद क्रैश, 242 यात्री और 10 क्रू मेंबर्स थे सवार
जशपुर, 12 जून 2025
जशपुर नगर के हृदयस्थल पर स्थित ऐतिहासिक सती उद्यान (सती चौरा) में आज अघोरपीठ वामदेवनगर गम्हरिया से संबद्ध श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन द्वारा श्रद्धा और आस्था के साथ शक्ति स्थल की विशेष पूजन-अर्चना संपन्न की गई। यह आयोजन पूज्य बाबा अवधूत भगवान राज जी की परंपरा को समर्पित रहा, जिनके द्वारा स्थापित त्रिशूल और शक्ति वेदी स्थल पर विधिपूर्वक पूजा सम्पन्न की गई।
गौरतलब है कि सती उद्यान का शुभ उद्घाटन 12 जून 1979 (संवत 2036, आषाढ़ कृष्ण पक्ष द्वितीया) को स्वयं परम पूज्य अवधूत भगवान राम के कर कमलों द्वारा हुआ था। ठीक 46 वर्षों बाद, उसी तिथि को यह आयोजन एक बार फिर से गहन श्रद्धा और धार्मिक ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुआ।
पूजन क्रम में श्रीमती सरिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सर्वप्रथम त्रिशूल की पूजा की गई, तत्पश्चात शक्ति स्थल की वेदी पर महिला सदस्यों द्वारा सामूहिक पूजन एवं आरती की गई। इस अवसर पर पूरे वातावरण में “माँ सर्वेश्वरी की जय”, “गुरु माँ की जय”, “पूज्य गुरुदेव की जय” के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम में ‘सर्वेश्वरी त्वं पाहिमां शरणागतम्’ तथा ‘गुरु पादुका पंचकम्’ का सस्वर पाठ हुआ, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। पूजन उपरांत श्रद्धालु महिलाओं ने शक्ति स्थल की 11 परिक्रमा कर “अघोरान्ना परो मंत्रः नास्ति तत्त्वं गुरोः परम्” के मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रूप से परा प्रकृति भगवती से सभी के कल्याण एवं मंगल की प्रार्थना की।
इस पुण्य अवसर पर संगठन की वरिष्ठ सदस्याएँ—श्रीमती सरिता अखौरी, श्रीमती बबीता सिन्हा, श्रीमती अर्पिता दूबे, श्रीमती सीमा सिंह, हेमलता, श्रीमती सरिता दूबे, श्रीमती श्रेया, सुरभि, सौम्या सुरभि, श्रीमती अनिमा मिश्रा और श्रीमती अंजू सिन्हा—विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस प्रकार, यह आयोजन जशपुर की आध्यात्मिक परंपरा को पुनर्स्मरण कराता हुआ साधना, भक्ति और शक्ति के त्रिवेणी संगम के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें महिला संगठन की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही।