बॉलीवुड के दबंग अभिनेता सलमान खान जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह पहली बार एक सैन्य अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। खास बात यह है कि अपने किरदार को लेकर सलमान खान ने कहा है कि उन्हें एक निडर सैनिक की भूमिका निभाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि वह खुद डरने वालों में से नहीं हैं।
-21 डिग्री में हुई फिल्म की शूटिंग
हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान काफी शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लद्दाख में -21 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान और ठंडे पानी में भी शूटिंग की गई। सलमान के मुताबिक, ऐसी फिल्मों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी होता है।

गलवान घाटी की घटना पर आधारित है फिल्म
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी। इसकी कहानी शिव अरूर की किताब ‘इंडियाज मोस्ट फियरलेस’ के एक अध्याय से प्रेरित है।

4 दिसंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
सलमान खान की यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ से होगी। बताया जा रहा है कि फिल्मों के क्लैश को लेकर सलमान खान ने श्रद्धा कपूर को फोन कर माफी भी मांगी थी। अब देखना होगा कि दर्शकों के बीच दोनों फिल्मों में से किसे ज्यादा पसंद किया जाता है।



