महंगी बिजली के खिलाफ छत्तीसगढ़ में आर-पार के मूड में कांग्रेस, आज सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और बड़ा प्रदर्शन, भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव संभालेंगे मोर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली की बढ़ी हुई दरों को लेकर सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। प्रदेश सरकार द्वारा बिजली के दामों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस आज पूरे राज्य में चौतरफा मोर्चा खोलने जा रही है। कांग्रेस के चरणबद्ध आंदोलन के तहत आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसके तुरंत बाद कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे।
बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे इस राज्यव्यापी अभियान को धार देने के लिए पार्टी के सभी दिग्गज नेताओं को अलग-अलग जिलों की कमान सौंपी गई है।
दिग्गजों के हाथ में कमान, कौन कहां संभालेगा मोर्चा
पार्टी द्वारा तय किए गए विशेष कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश के प्रमुख शहरों में कांग्रेस के शीर्ष नेता खुद मीडिया से मुखातिब होंगे और सरकार की नीतियों को घेरेंगे। कोरबा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर हमला बोलेंगे। दुर्ग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मीडिया से चर्चा करेंगे और इसके बाद प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे। वहीं, सरगुजा संभाग में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मोर्चा संभालेंगे और बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ अपनी बात रखेंगे।
जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने बिजली की दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर आम जनता, मध्यम वर्ग और व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां लोगों को राहत मिलनी चाहिए थी, वहीं भारी भरकम बिजली बिल थमाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने का फैसला नहीं करती, तब तक सड़क से लेकर सदन तक यह आंदोलन और अधिक उग्र होता जाएगा।
कलेक्ट्रेट का घेराव और प्रदर्शन आज
आज दोपहर सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के बाद, जिला अध्यक्षों और स्थानीय विधायकों के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बिजली कार्यालयों और कलेक्ट्रेट का रुख करेंगे। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी, पुतला दहन और ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। रायपुर समेत राज्य के सभी संवेदनशील इलाकों में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

