वाराणसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में वाराणसी में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक सकुशल सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी उत्तर प्रदेश सरकार ने की, जिसमें उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों सहित संबंधित राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सामाजिक विकास, सीमा विवाद, कानून व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, अल्पसंख्यक कल्याण और अंतर्राज्यीय समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शामिल हुए ये मुख्यमंत्री
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
इन अहम विषयों पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान निम्नलिखित संवेदनशील और विकासात्मक विषयों पर गहन विमर्श हुआ —
- बांग्लादेशी घुसपैठ और रोहिंग्या समस्या
- भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और निगरानी
- पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामलों की जांच और त्वरित न्याय
- महिला अपराध की रोकथाम
- हिमालयी नदियों के इंटरलिंकिंग प्रोजेक्ट
- खनन और कृषि नीति का समन्वय
- धार्मिक पर्यटन के लिए साझा योजनाएं
- पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने की रणनीति
बैठक के बाद रवाना हुए सभी मुख्यमंत्री
मंथन के बाद सभी अतिथियों के लिए लंच की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत सभी चारों राज्यों के मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि इससे पूर्व की बैठक उत्तराखंड में आयोजित हुई थी, जिसे ऑनलाइन माध्यम से संपन्न किया गया था। उस समय छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार थी और बैठक में मुख्यमंत्री की बजाय राज्य के गृह मंत्री शामिल हुए थे।
इस बैठक को क्षेत्रीय विकास, आंतरिक सुरक्षा और आपसी समन्वय के लिए एक सार्थक पहल माना जा रहा है, जो आने वाले समय में साझा विकास के नए रास्ते खोलेगा।