अयोध्या। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के बाल रूप के दर्शन की योजना बना रहे देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ‘सुगम दर्शन पास’ की ऑनलाइन व्यवस्था में व्यापक सुधार करते हुए इसे पूरी तरह अपग्रेड कर दिया है। अब रामभक्त अपनी दर्शन तारीख से 90 दिन पहले तक पास बुक कर सकेंगे। इसके साथ ही सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन जारी होने वाले ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर सीधे 2,000 प्रतिदिन (दोगुने से भी ज्यादा) कर दी गई है।
ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि, सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र और आईटी विभाग के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस नई व्यवस्था को अंतिम रूप देकर प्रशासनिक क्रियान्वयन के निर्देश दे दिए गए हैं।
अब 15 दिन की बाध्यता खत्म: 7 चरणों में खुलेंगे स्लॉट, तत्काल पास भी मिलेगा
पहले दर्शन पास अधिकतम 15 दिन पहले ही बुक किए जा सकते थे, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को ट्रेन टिकट और होटल बुकिंग में भारी असुविधा होती थी। अब बुकिंग व्यवस्था को 7 अलग-अलग चरणों में बांटा गया है:
-
7 चरणों में स्लॉट: पास अब यात्रा से 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले के चरणों में जारी किए जाएंगे। इससे यदि कोई पहले स्लॉट में चूक जाता है, तो उसे बाद के चरणों में पास मिलने का अवसर मिलेगा।
-
तत्काल पास (Current Booking): जो श्रद्धालु अचानक अयोध्या पहुंचेंगे, उनके लिए दर्शन वाले दिन ही ‘तत्काल पास’ जारी करने की विशेष व्यवस्था भी शुरू की जा रही है।
फर्जीवाड़े और कालाबाजारी पर रोक: 24 से 48 घंटे में होगा वेरिफिकेशन
ऑनलाइन पास के दुरुपयोग और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए ट्रस्ट ने सख्त सत्यापन प्रणाली लागू की है:
-
अग्रिम बुकिंग में तुरंत कन्फर्मेशन नहीं: 90 से 1 दिन पहले तक किए गए आवेदनों में फॉर्म भरते ही पास तुरंत कन्फर्म नहीं होगा। आईटी टीम द्वारा तकनीकी व सुरक्षा सत्यापन के बाद 24 से 48 घंटे के भीतर पास की पुष्टि का मैसेज भेजा जाएगा।
-
तत्काल पास पर नियम लागू नहीं: दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पासों पर यह प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी; उनकी पुष्टि तुरंत की जाएगी।
सुगम दर्शन पूरी तरह निःशुल्क, अवैध वसूली रोकने जारी होगा हेल्पलाइन नंबर
ट्रस्ट ने एक बार फिर कड़े शब्दों में साफ किया है कि रामलला का सुगम दर्शन पास पूरी तरह से निःशुल्क (Free) है। इसके लिए किसी भी तरह का शुल्क या दक्षिणा नहीं ली जाती।
-
पास पर दर्ज होगी चेतावनी: बिचौलियों या दलालों द्वारा वसूली रोकने के लिए हर पास पर शिकायत संबंधी दिशा-निर्देश प्रमुखता से छापे जाएंगे।
-
शिकायत नंबर: यदि कोई पास के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो श्रद्धालु सीधे ट्रस्ट के शिकायत नंबर 8009522111 पर संपर्क कर सकेंगे। यह हेल्पलाइन नंबर आगामी एक सप्ताह में पूरी तरह सक्रिय कर दिया जाएगा।


