जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महादेवडांड़ गांव में खेत में गिरदावरी (फसल सर्वे) का काम कर रहे एक युवक को तलवार की नोक पर डरा-धमकाकर पैसे मांगने और विरोध करने पर उसकी मोटरसाइकिल लूटने वाले 3 मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, इस वारदात में शामिल 4 बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी संतोष कुमार (निवासी पकरीकछार) ने बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह पिछले दो वर्षों से बासेन और महादेवडांड़ क्षेत्र में जमीन की गिरदावरी का काम कर रहा है। 15 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 03:00 बजे जब वह महादेवडांड़ के किसानपारा में सीसी रोड के पास खेत में सर्वे कर रहा था, तभी आरोपी डोन तिर्की (हाथ में तलवार लिए हुए) और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया वहां पहुंचे।
आरोपियों ने युवक से वहां आने का कारण पूछते हुए गाली-गलौज की और तलवार दिखाकर जबरन रुपए-पैसों की मांग करने लगे। प्रार्थी द्वारा पैसे न होने की बात कहने पर उनके पांच अन्य साथी भी वहां आ धमके। आरोपियों ने डरा-धमकाकर उसकी मोटरसाइकिल (CG 15 E 2606) लूट ली। इस दौरान मुख्य आरोपी डोन तिर्की ने जान से मारने की नीयत से तलवार लेकर उसे दौड़ाया भी, जिसके बाद प्रार्थी ने भागकर अपनी जान बचाई और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 275/2026, धारा 310(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर अन्य साथी आयुष कुजूर तथा 4 विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थी द्वारा शिनाख्त कराए जाने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल पूरी तरह बरामद कर ली है।
- गिरफ्तार वयस्क आरोपी:
- डोन तिर्की (19 वर्ष)
- अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया (19 वर्ष)
- आयुष कुजूर (18 वर्ष 11 माह) (इन तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।)
- बाल अपचारी: 15 से 17 वर्ष के 4 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करते हुए बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी और उनकी टीम (पीएसआई संतोष वर्मा, एएसआई अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक अशोक मिंज, महिला आरक्षक पूना मणि और नगर सैनिक बलि राम) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


