बतौली/अंबिकापुर। सुवारपारा से बटईकेला मार्ग पर स्थित एक तीखे मोड़ के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार केटीएम (KTM) बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बकेन के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार 21 वर्षीय युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
अंबिकापुर के निजी होटल में मैनेजर था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजय कुमार चक्रवर्ती (21 वर्ष), पिता प्रदीप कुमार चक्रवर्ती, निवासी ग्राम बतौली (बिलासपुर) के रूप में हुई है। अजय अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित निजी होटल ‘शुभानी’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
घटना वाले दिन वह निजी काम के सिलसिले में शाम करीब 5 बजे बतौली पहुंचा था। उसने बिलासपुर से अपने भाई के जरिए अपनी केटीएम बाइक (क्रमांक CG 15 EJ 4512) मंगवाई और परिजनों से कहा कि वह काम के सिलसिले में अंबिकापुर लौट रहा है।
दोस्तों से मिलने निकला था, मोड़ पर अनियंत्रित हुई बाइक
परिजनों को अंबिकापुर जाने की बात कहकर अजय सुवारपारा पहुंचा, जहां उसने अपने दोस्तों से मुलाकात की। इसके बाद रात करीब 8 बजे वह जूनापारा-मंगारी सुवारपारा क्रेशर मार्ग होते हुए अपने एक अन्य दोस्त से मिलने के लिए निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रास्ते में भुनेश्वर के घर के सामने मोड़ पर बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन बेकाबू हो गया और सीधे सड़क किनारे स्थित बकेन के पेड़ से जा भिड़ा। जोरदार भिड़ंत में अजय के सिर पर प्राणघातक चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटना स्थल पर ही उसकी सांसें थम गईं।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच शुरू कर दी है।


