राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। सीमलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराई और लगभग 15 फीट नीचे गहरे नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी कम से कम 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा शनिवार सुबह लगभग 6:30 बजे आठ लेन वाले एक्सप्रेसवे पर हुआ। वाहन में कुल 25 से अधिक लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
क्रेन की मदद से बाहर निकाले गए फंसे यात्री, कीचड़ से बचाव कार्य में आई दिक्कत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया। नाले में पानी और गहरा कीचड़ होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सभी घायलों को तुरंत कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
सभी यात्री एक-दूसरे के परिचित, आयोजक भी घायल
कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रामकल्याण मीणा ने हादसे में 8 लोगों की मौत और 15 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोग अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन सभी आपस में परिचित थे और बैतूल से भोपाल होते हुए खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए निकले थे। यात्रा का समन्वय करने वाला मुख्य आयोजक भी इसी वाहन में मौजूद था, जो घायल अवस्था में कोटा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है।
चालक को झपकी आने की आशंका, गंभीर मरीज आईसीयू में भर्ती
हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रातभर ड्राइविंग करने के बाद सुबह चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके चलते तेज रफ्तार वाहन बेकाबू होकर सीधे पुल से नीचे गिर गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि प्रशासन घायलों के समुचित उपचार पर लगातार निगरानी रखे हुए है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा बैतूल स्थित परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


