रांची:
झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (JSERC) ने राज्य की सभी बिजली वितरण कंपनियों को ‘इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कोड संशोधन रेगुलेशन 2024’ को अक्षरशः लागू करने का कड़ा निर्देश दिया है। छह महीने बीत जाने के बाद भी नियमों की अनदेखी करने पर आयोग ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) समेत सभी वितरण कंपनियों को फटकार लगाई है। आयोग ने दो टूक कहा है कि आगामी नवंबर में दाखिल होने वाली वार्षिक टैरिफ याचिका में कंपनियों को लिखित हलफनामा देकर यह बताना होगा कि उन्होंने इन नियमों को जमीनी स्तर पर कितना लागू किया है।
अब हिंदी और क्षेत्रीय भाषा में भी मिलेगा बिजली बिल
15 मार्च 2024 को जारी अधिसूचना (जो अप्रैल 2024 से प्रभावी है) के तहत आम उपभोक्ताओं के हित में सबसे बड़ा फैसला भाषा को लेकर किया गया है:
-
स्थानीय भाषा में बिलिंग: बिजली वितरण कंपनियों को अब सिर्फ अंग्रेजी ही नहीं, बल्कि हिंदी और स्थानीय भाषाओं में भी बिजली बिल जारी करना अनिवार्य होगा।
-
सरल फॉन्ट और फॉर्मेट: आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिल का लेआउट, फॉन्ट और भाषा इतनी सरल होनी चाहिए कि एक सामान्य उपभोक्ता भी अपनी खपत और शुल्क को आसानी से समझ सके। कंपनियां अभी तक इस व्यवस्था को लागू करने में विफल रही हैं, जिस पर आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है।
150 किलोवाट तक नया कनेक्शन लेना हुआ बेहद आसान
घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 150 किलोवाट (KW) तक के बिजली कनेक्शन के नियमों का सरलीकरण किया गया है:
-
विद्युतीकृत इलाकों में अब कनेक्शन शुल्क का निर्धारण लोड, श्रेणी और औसत लागत के तय फॉर्मूले पर होगा।
-
हर नए आवेदन पर बार-बार होने वाले साइट इंस्पेक्शन (स्थल निरीक्षण) और डिमांड चार्ज के लंबे-चौड़े आंकलन के झंझट को समाप्त कर दिया गया है।
-
उपभोक्ता फॉर्म जमा करते समय ही निर्धारित मांग शुल्क जमा कर सकेंगे, जिससे बेवजह की कागजी औपचारिकताएं खत्म होंगी और समय की बचत होगी।
तय समय-सीमा में देना होगा कनेक्शन, नहीं चलेगी हीलाहवाली
नए बिजली कनेक्शन देने और पुराने कनेक्शनों में संशोधन (जैसे लोड बढ़ाना-घटाना, नाम या श्रेणी बदलना) के लिए आयोग ने निश्चित समय-सीमा तय कर दी है। तय मियाद के भीतर वितरण कंपनियों को काम पूरा करना होगा। इसके लिए शहरी और ग्रामीण इलाकों के लिए अलग-अलग मानक तय किए गए हैं, हालांकि सुदूर ग्रामीण इलाकों की जमीनी चुनौतियों को देखते हुए नियमों में कुछ व्यावहारिक छूट भी दी गई है।


