छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष (2026) भी रायपुर से भिन्न सभी जिला मुख्यालयों पर ‘राज्योत्सव 2026’ का भव्य और एकदिवसीय आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों, संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।



”जहाँ गूँजती है मांदर की थाप और थिरकता है अंचल: प्रकृति, कर्म और आस्था का महापर्व ‘करमा’”
जारी निर्देशों के अनुसार, आगामी 02 नवंबर 2026 को सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। इन आयोजनों की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” तय की गई है, जिसके तहत कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनियों में विभागीय उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 01 नवंबर से 03 नवंबर 2026 तक रात्रि के समय सभी जिला मुख्यालयों के शासकीय भवनों पर “सशक्त नारी, युवा उड़ान” की थीम को दर्शाते हुए आकर्षक रोशनी (लाइटिंग) की जाएगी, साथ ही निजी संस्थाओं को भी रोशनी करने हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला स्तर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा 02 नवंबर 2026 को एक दिवसीय शालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी प्रकार का अभद्र प्रदर्शन न हो। कार्यक्रम के दौरान शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं व सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा और कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके साथ ही, जिला स्तर पर होने वाले इन कार्यक्रमों में माननीय मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण और अन्य जनप्रतिनिधियों को अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का अनुरोध किया गया है तथा सभी आयोजनों में मितव्ययिता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।


