BJP Youth Wing New Team: भाजपा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रहने वाले भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार विभिन्न राष्ट्रीय पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी
भाजयुमो की नई राष्ट्रीय टीम में भूपेंद्र नाग की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय महामंत्री और मंत्री पदों पर भी नियुक्तियां
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, राष्ट्रीय मंत्री के पद पर असम के बिस्वजीत खौंड, मध्य प्रदेश के आशीष बन, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बरार, बिहार के अमन यादव और झारखंड के राहुल झा को नियुक्त किया गया है।
मीडिया, सोशल मीडिया और संगठन की जिम्मेदारियां भी तय
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी और सह-कोषाध्यक्ष के रूप में राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को नियुक्त किया गया है। गुजरात के ध्रुव पंडित को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और दिल्ली के मोहित सोनी को सह-प्रभारी बनाया गया है।
नीति एवं शोध प्रभारी की जिम्मेदारी तेलंगाना की अखिला बंदम को मिली है। सह-प्रभारी के रूप में गुजरात के रंगम त्रिवेदी, तेलंगाना के कमल मदीशेट्टी और हरियाणा की डॉ. रमा बल्हारा को नियुक्त किया गया है।
मीडिया प्रभारी बिहार के हिमांशु यादव होंगे। मीडिया सह-प्रभारी के रूप में दिल्ली की शिवानी सिंह, हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर और दिल्ली के विशु बसोया को जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया प्रभारी दिल्ली की अपूर्वा सिंह और सह-प्रभारी बिहार के मानवेंद्र चौहान बनाए गए हैं।
भाजयुमो की इस नई टीम में विभिन्न राज्यों के नेताओं को शामिल कर संगठन की राष्ट्रीय जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग की नियुक्ति से राज्य को युवा मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।



