बरमकेला। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक इकाई बरमकेला के ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल ने स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों को VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने में आ रही समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव, जिला कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
पितृत्व अवकाश: पुरुष सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात, पिता बनने पर मिलेगी 15 दिन की छुट्टी
ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत गैर-शिक्षकीय लिपिकीय कर्मचारियों को VSK ऐप में उपस्थिति दर्ज करने के दौरान कई प्रकार की तकनीकी एवं व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से शनिवार को कार्यरत लिपिकों को ऐप में अनुपस्थित दर्शाया जा रहा है, जिससे उनकी वास्तविक उपस्थिति कम प्रदर्शित हो रही है। भविष्य में ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर वेतन निर्माण के समय कर्मचारियों को परेशानी होने तथा वेतन कटौती की आशंका बनी हुई है।
ब्लॉक संयोजक ने कहा कि लिपिक संवर्ग के कर्मचारी विद्यालयों में वेतन निर्माण, सेवा पुस्तिका संधारण, विभागीय पत्राचार, ऑनलाइन प्रविष्टि, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उनकी कार्यप्रकृति शिक्षकीय कर्मचारियों से अलग है। ऐसी स्थिति में लिपिकों की वास्तविक कार्यप्रणाली को ध्यान में रखकर उपस्थिति प्रणाली निर्धारित की जानी चाहिए।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से छह मांगें रखी गई हैं। इनमें लिपिकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों को VSK ऐप से अनिवार्य उपस्थिति की बाध्यता से मुक्त रखने, शनिवार को अनुपस्थित दर्शाने की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करने, सर्वर, GPS एवं सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण वेतन कटौती पर रोक लगाने, विभागीय कार्य से बाहर जाने वाले कर्मचारियों के लिए OD (ऑन ड्यूटी) व्यवस्था सुनिश्चित करने, पूर्व में तकनीकी त्रुटियों के कारण हुई वेतन कटौती की समीक्षा कर राहत देने तथा पांच दिवसीय कार्य सप्ताह संबंधी आदेशों का सम्मानपूर्वक पालन सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों तथा प्राचार्यों को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी भी कर्मचारी को तकनीकी त्रुटियों के कारण अनुपस्थित न होना पड़े और न ही उसके वेतन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।
कर्मचारी नेता ने संज्ञान लेते हुए कहा कि कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति का सही रिकॉर्ड संधारित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। तकनीकी खामियों का खामियाजा कर्मचारियों को नहीं भुगतना चाहिए। समय रहते समस्या का समाधान कर लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों को राहत प्रदान की जाए।



