ग्राम सरगा स्थित भारत माता बाल विद्या मंदिर की घटना; परिजनों ने केरजू पुलिस चौकी में दर्ज कराई शिकायत, शिक्षा विभाग ने दिया जांच का भरोसा
सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरगा में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरगा निजी स्कूल में मासूम की पिटाई किए जाने से हड़कंप मच गया है। गांव में संचालित ‘भारत माता बाल विद्या मंदिर’ के शिक्षक पर केजी-वन में पढ़ने वाले महज चार वर्षीय छात्र को छड़ी से बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। पिटाई इतनी जोरदार थी कि मासूम की पीठ पर छड़ी के गहरे लाल निशान उभर आए हैं।
ग्राम सरगा निवासी शिकायतकर्ता पिता भीम राम ने केरजू पुलिस चौकी में दिए लिखित आवेदन में बताया कि 25 नवंबर को स्कूल में उनके चार वर्षीय बेटे की पीठ पर छड़ी से पांच बार प्रहार किया गया। छुट्टी के बाद जब बच्चा रोता और दर्द से कराहता हुआ घर पहुंचा, तब परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई। पीठ पर उभरे लाल निशान देख परिजन तत्काल बच्चे को सीतापुर ले गए और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
इस घटना के बाद भारत माता बाल विद्या मंदिर सरगा के प्रबंधन पर परिजनों को डराने-धमकाने के आरोप भी लगे हैं। पिता का कहना है कि जब उन्होंने पिटाई को लेकर स्कूल प्रबंधन से सवाल किया, तो प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर खुद को कांग्रेस नेता बताते हुए थाने न जाने की हिदायत दी गई और देख लेने की धमकी भी दी गई। परिजनों के अनुसार, इस अमानवीय व्यवहार से मासूम शारीरिक पीड़ा के साथ-साथ गहरे मानसिक सदमे और डर में है।
निजी स्कूल की मनमानी और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल: शिकायतकर्ता ने विद्यालय के संचालन और बुनियादी ढांचे को लेकर भी गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं:
-
नियमों को दरकिनार कर एक निजी मकान के भीतर स्कूल का संचालन किया जा रहा है।
-
विद्यालय परिसर में छोटे बच्चों के लिए न तो शौचालय की व्यवस्था है और न ही खेल का मैदान उपलब्ध है।
-
शिक्षा के नाम पर केवल व्यवसाय चलाया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केरजू पुलिस चौकी शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) संतोष सिंह ने कहा कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था, लेकिन शिकायत मिलते ही टीम भेजकर स्कूल की व्यवस्थाओं और पिटाई के आरोपों की जांच कराई जाएगी। बहरहाल, सरगा निजी स्कूल में मासूम की पिटाई के इस मामले में अब परिजनों को प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।



