जशपुर: जमीन के टुकड़े और ससुराल में रहने की बात पर सुलग रही रंजिश ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया। तपकरा थाना क्षेत्र के जामबहार गांव में शनिवार शाम पारिवारिक विवाद के चलते एक फूफा ने अपने 30 वर्षीय सगे भतीजे की कुल्हाड़ी (टांगी) से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जमीन और ‘घरजमाई’ बनने को लेकर थी पुरानी तल्खी
पुलिस के अनुसार, मृतक मनबोध मांझी (30) और आरोपी संतोष प्रधान के बीच पैतृक जमीन के मसले पर काफी समय से खींचतान चल रही थी। आरोपी संतोष अपने ससुराल में ‘घरजमाई’ बनकर रह रहा था, जिसको लेकर मनबोध और उसके बीच अक्सर तनातनी और गाली-गलौज होती रहती थी।
नशे में शुरू हुआ विवाद, कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
शनिवार की शाम मनबोध मांझी शराब के नशे में धुत होकर अपने फूफा संतोष के घर जा धमका। दरवाजे पर पहुंचते ही दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि आपा खो चुके संतोष ने घर के भीतर रखी टांगी उठाई और मनबोध के सिर और गर्दन पर एक के बाद एक कई प्राणघातक वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते मनबोध लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी हिरासत में, हथियार जब्त
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और तत्काल तपकरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी संतोष प्रधान को हिरासत में ले लिया है और कत्ल में इस्तेमाल टांगी बरामद कर ली है। तपकरा पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


