बैकुंठपुर (कोरिया):
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर गांव के पास राजहंस बस और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 4 मासूम बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
कुदरगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे सभी श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग चिरमिरी के खोखापानी क्षेत्र से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए निकले थे। सुबह करीब 7 बजे जैसे ही बोलेरो नगर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही राजहंस बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार श्रद्धालु अंदर ही फंस गए।
मृतका की पहचान रितु सिंह के रूप में हुई
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान चिरमिरी निवासी रितु सिंह के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में चार बच्चों सहित कुल 14 लोग चोटिल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला अस्पताल में घायलों का उपचार जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। सूचना पर चरचा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


