रायपुर:
छत्तीसगढ़ में आगामी 16 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इससे ठीक पहले धान की खरीदी दर बढ़ाने को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। भारतीय किसान संघ (छ.ग. इकाई) ने राज्य सरकार से धान का मूल्य 3,100 रुपये से बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई है।
मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, 27 अक्टूबर को घेराव की तैयारी
इस संबंध में किसान संघ ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर किसानों की बढ़ी हुई लागत के मद्देनजर दर में बढ़ोतरी करने का आग्रह किया है। अपनी मांग को मजबूती से उठाने के लिए संगठन ने 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर में ‘अन्नदाता गर्जना रैली’ का आह्वान किया है। रैली के माध्यम से किसान मंत्रालय (महानदी भवन) का घेराव करेंगे।
रांची में भाजपा कार्यसमिति: नितिन नबीन ने बजाया मांदर, कार्यकर्ताओं को दिया सत्ता वापसी का मंत्र
कैबिनेट बैठक के दिन शक्ति प्रदर्शन
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को ही राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की अहम बैठक भी प्रस्तावित है। ऐसे में किसान संघ के इस प्रदर्शन और घेराव को सरकार पर दबाव बनाने के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। संघ का कहना है कि लागत मूल्य में वृद्धि को देखते हुए किसानों को उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिलना बेहद जरूरी है।


