जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की असामयिक मौत हो गई। हादसा धरणगांव तालुका अंतर्गत बंभोरी पुल के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार और कंटेनर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पंकज चौधरी, हरीश चौधरी और रवि चौधरी के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे।
दोस्त को छोड़कर लौट रहे थे घर, रास्ते में काल बनकर आया कंटेनर
मृतकों के भाई सुशील चौधरी और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों भाई अपने एक दोस्त को छोड़ने के लिए निजी कार से जलगांव आए हुए थे। दोस्त को विदा करने के बाद वे वापस अपने पैतृक गांव झुरखेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान बंभोरी पुल के पास उनकी कार सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को तुरंत जलगांव स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) पहुंचाया गया।
अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जलगांव सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर डॉ. निरंजन देशमुख ने बताया कि गंभीर हालत में तीनों युवकों को अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिवारों के मुख्य कमाऊ सदस्य थे तीनों मृतक, गांव में शोक
जलगांव जिला परिषद सदस्य प्रतापराव गुलाबराव पाटिल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि हादसे का शिकार हुए तीनों युवकों की उम्र 28 से 32 वर्ष के बीच थी। वे अपने-अपने परिवारों में आजीविका चलाने वाले मुख्य सदस्य थे। एक ही परिवार के तीन चिरागों के एक साथ बुझने से पूरे झुरखेड़ा गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में ले लिया है और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत तकनीकी व प्रत्यक्षदर्शी जांच शुरू कर दी है।


