झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया है, नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों पर पुलों के टूटने और मकानों के ढहने की घटनाएं सामने आई हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
झारखंड में हालात गंभीर
झारखंड के जमशेदपुर, राँची, खूँटी , पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है। जमशेदपुर में कई कारें पानी में पूरी तरह डूब चुकी हैं, सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई है। राँची शहर जलमग्न हो चुका है और कई मोहल्लों में पानी घरों में घुस गया है।कोल्हान प्रमंडल में बारिश ने बरपाया कहर
कोल्हान क्षेत्र में बारिश कहर बनकर टूटी है। कई कच्चे और पक्के घर ढह गए हैं। मलबे में दबने से कई लोगों की जान चली गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू और राहत कार्य जारी हैं।
स्कूलों में छुट्टी की घोषणा
बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राँची, खूँटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी हालात खराब
छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में जलभराव, पेड़ों के गिरने और बिजली की आपूर्ति बाधित होने की खबरें हैं। ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क टूट चुका है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं आपदा प्रबंधन दल राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।