रायपुर | विशेष संवाददाता
छत्तीसगढ़ के शासकीय और निजी शिक्षा महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के तहत बीएड (B.Ed) और डीएलएड (D.L.Ed) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए बहुप्रतीक्षित तृतीय एवं अंतिम चरण का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़ ने इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। दूसरे चरण के पश्चात प्रदेशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में रिक्त बची सीटों पर प्रवेश के लिए यह आखिरी अवसर होगा।
चरणबद्ध प्रवेश कार्यक्रम
BED DELED 3rd Round Counselling Schdule_0001
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए SCERT ने तृतीय चरण के तहत सूचियों के प्रकाशन और प्रवेश की तारीखों का विस्तृत कार्यक्रम नीचे दिया है:
- पंजीयन एवं ऑनलाइन विकल्प फॉर्म भरने की तिथि: 05 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक
- प्रथम सूची जारी करना एवं प्रवेश: 12 नवंबर से 13 नवंबर 2026 तक
- द्वितीय सूची जारी करना एवं प्रवेश: 16 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक
- तृतीय सूची जारी करना एवं प्रवेश: 19 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक
- विकल्प सुधार प्रक्रिया (पंजीकृत शेष पात्र छात्रों के लिए): 22 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक
- चतुर्थ सूची जारी करना एवं प्रवेश: 25 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक
- पाँचवीं सूची जारी करना एवं प्रवेश: 30 नवंबर से 01 दिसंबर 2026 तक
- छठवीं सूची जारी करना एवं प्रवेश: 03 दिसंबर से 04 दिसंबर 2026 तक
किसे मिलेगा मौका? (पात्रता के नियम)
काउंसिलिंग के इस अंतिम चरण में नए आवेदक तो हिस्सा ले ही सकेंगे, साथ ही वे पुराने अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं जिन्होंने पूर्व में पंजीयन तो कराया था, लेकिन अभी तक उन्हें किसी संस्थान में प्रवेश नहीं मिला है। इसके अलावा, जिन छात्रों का प्रवेश निरस्त हो चुका है या जो किसी अन्य कारण से पिछली प्रक्रिया से बाहर हो गए थे, वे भी पात्र होंगे। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों को पहले ही किसी कॉलेज में प्रवेश मिल चुका है, वे इस चरण में भाग नहीं ले पाएंगे।
इन बातों का विशेष रखें ध्यान
- पंजीयन शुल्क: जो अभ्यर्थी पहले ही पंजीयन करा चुके हैं, उन्हें दोबारा शुल्क नहीं देना होगा। वहीं, नए पंजीकरण करने वाले उम्मीदवारों को तयशुदा शुल्क का भुगतान करना होगा।
- अनिवार्य सहमति (Mandatory Consent): इस अंतिम चरण में भाग लेने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए ‘सहमति’ देना अनिवार्य किया गया है।
- कॉलेज में प्रवेश की बाध्यता: सहमति देने के बाद यदि छात्र को कोई सीट आवंटित होती है, तो उसे उस संबंधित संस्थान में अनिवार्य रूप से प्रवेश लेना होगा। यदि छात्र आवंटित सीट पर प्रवेश नहीं लेते हैं, तो उन्हें भविष्य की समस्त काउंसिलिंग प्रक्रियाओं से बाहर कर दिया जाएगा।
परिषद ने सभी भावी शिक्षकों और विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे कॉलेज की पसंद (Choices) भरते समय पूरी सावधानी बरतें।


