बालासोर (ओडिशा): झारखंड में हुई भारी बारिश ने ओडिशा के बालासोर जिले में तबाही मचा दी है। स्वर्णरेखा नदी में अचानक आए उफान के चलते जिले के हजारों लोग बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि झारखंड में हुई मूसलधार बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे बालासोर के निचले इलाके डूबने लगे।
प्रशासन के अनुसार, बाढ़ का सर्वाधिक असर भोगराई, बलियापाल और बस्ता ब्लॉक में देखा गया है। इसके साथ ही जलेश्वर एनएसी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इन इलाकों की 17 ग्राम पंचायतों में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, और 50,000 से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं।
जिला प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी राहत शिविरों में जाने की सलाह दी गई है। वहीं, मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) को आवश्यक दवाइयों का भरपूर स्टॉक रखने और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासनिक अमला लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को समय पर राहत पहुंचाने के प्रयास जारी हैं, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।