रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रदेश में बेरोजगारी के ताजा आंकड़े और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकारी प्रयासों की जानकारी साझा की गई है। विधायक उमेश पटेल द्वारा पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि राज्य में रोजगार के इच्छुक पंजीकृत युवाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024-25 के अंत तक प्रदेश में कुल 13,94,727 पंजीकृत बेरोजगार थे, जो 31 जनवरी 2026 की स्थिति में बढ़कर 15,79,178 हो गए हैं।
सरकार ने सदन में बताया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण और प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कौशल विकास विभाग ने महिंद्रा एंड महिंद्रा के साथ अनुबंध कर बस्तर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जैसे जिलों में युवाओं को ‘ट्रैक्टर मैकेनिक’ का विशेष कोर्स कराया है, जिसमें अब तक 101 युवा प्रशिक्षित हो चुके हैं। इसी तरह नांदी फाउंडेशन के साथ मिलकर 1142 युवाओं को एम्प्लॉयबिलिटी स्किल का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक व्हीकल, हेल्थ सेक्टर और लॉन्ड्री सर्विस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में ट्रेनिंग के लिए SciRobNics Technology और अन्य संस्थानों के साथ नए अनुबंध (MoU) किए गए हैं।
तकनीकी शिक्षा विभाग भी युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रदेश के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में नियमित रूप से कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभाग ने Apanatech Pvt. Ltd. और CSRBOX Pvt. Ltd. जैसी निजी कंपनियों के साथ हाथ मिलाया है। रायगढ़ जिले के लिए भी रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से उद्योगों में चयनित अभ्यर्थियों की विस्तृत जानकारी सदन के पटल पर रखी गई है।



