नई दिल्ली:
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सेवारत पुलिसकर्मियों के समर्पण और बलिदान की सराहना की।
पीएम मोदी बोले- बहादुर पुलिसकर्मियों का बलिदान देश सदैव याद रखेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि पुलिस स्मृति दिवस उन पुलिसकर्मियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर अपराधों से लड़ने, आपातकालीन स्थितियों में मदद करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक पुलिस का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों का साहस और अटूट समर्पण देश की स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा।
मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि हमारे पुलिस बलों के जवानों ने मातृभूमि की आन-बान और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर देशभक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण पेश किया है। उन्होंने पूरे राष्ट्र की ओर से अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
राष्ट्र की स्मृतियों में अमिट रहेगा त्याग: ओम बिरला
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी वीर जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, संप्रभुता और एकता की अक्षुण्णता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों का त्याग और कर्तव्यनिष्ठा देश की स्मृतियों में सदैव अमिट रहेंगे। उन्होंने देशभर में सेवारत सभी पुलिसकर्मियों का अभिवादन करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।


