रायपुर:
छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर आज, 3 अगस्त को प्रदेशभर के पटवारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान पटवारी कामकाज ठप रखकर तहसील मुख्यालयों में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ के इस आंदोलन के कारण आज राज्यभर के तहसील कार्यालयों में सीमांकन, नामांतरण, आय-जाति प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित रहने की संभावना है।
अधिकारियों को सौंपी गई पूर्व सूचना
आंदोलन की रूपरेखा के अनुसार, तहसील पटवारी संघों द्वारा संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व – SDO) को सामूहिक अवकाश और धरना-प्रदर्शन की पूर्व सूचना ज्ञापन सौंपकर दे दी गई है।
संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आयोजित किया जाएगा।
एकजुटता और अनुशासन की अपील
पटवारी संघ के नेतृत्व ने प्रदेशभर के सभी पटवारी साथियों से आह्वान किया है कि वे निर्धारित कार्यक्रम में पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ भाग लें। संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके विरोध में उन्हें विवश होकर यह कदम उठाना पड़ा है।
पटवारियों के सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण आज दूर-दराज से तहसील कार्यालय पहुंचने वाले ग्रामीणों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

