पटना/दिल्ली/रांची/मुंबई।
सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का आज समापन हो गया। तड़के सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित कर 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूरा किया। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, नोएडा, चंडीगढ़, मुंबई और देश के विभिन्न हिस्सों में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर घाटों पर पारंपरिक भक्ति गीतों, ढोलक की थाप और सूर्य स्तुति से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
चार दिनों तक चला सूर्योपासना का पर्व
छठ पर्व हर वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से सप्तमी तिथि तक मनाया जाता है।पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। इस वर्ष यह पर्व 25 अक्टूबर से शुरू होकर 28 अक्टूबर को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ।व्रती महिलाओं ने रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज की मंगलकामना की।
ड्राइविंग लाइसेंस पर मोबाइल नंबर अपडेट करें, वरना हो सकता है सस्पेंशन — सड़क परिवहन मंत्रालय की चेतावनी
घाटों पर भव्य दृश्य, श्रद्धालुओं की भारी भीड़
गंगा, यमुना, गंडक, कोसी और अन्य नदियों के तटों पर छठ घाटों को सजाया गया था। पटना के दीघा और कंकड़बाग घाट, गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ घाट, नोएडा के कालिंदी कुंज तट, रांची के हरमू तालाब और दिल्ली के यमुना घाटों पर हजारों श्रद्धालु परिवारों सहित पहुंचे। घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था की विशेष तैयारियां की गई थीं। व्रतियों ने केले, फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद से वेदी सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।
सीएम विष्णु देव साय ने दुलदुला छठ घाट में दिया सूर्य को अर्घ्य, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की दुलदुला छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की मुख्यमंत्री ने की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी दी अर्घ्य
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने कुनकुरी छठ घाट में व्रतियों के साथ उषा अर्घ्य अर्पित किया।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि छठ पूजा लोक आस्था और एकता का प्रतीक है।
औषधीय गुणों से भरपूर है सूप में रखा हर एक प्रसाद, ‘अमृत’ से कम नहीं है छठ पूजा का नैवेद्य
प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छठ पर्व के समापन पर शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने लिखा — “भगवान सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए। समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं का हृदय से अभिनंदन! छठी मइया की असीम कृपा से आप सभी का जीवन सदैव आलोकित रहे।”
लोक आस्था का प्रतीक
छठ पर्व को भारतीय संस्कृति में सबसे कठिन और पवित्र व्रतों में गिना जाता है। इस व्रत में 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हुए व्रती महिलाएं प्रकृति, सूर्य और जल की उपासना करती हैं। इस महापर्व में परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और समाज की समृद्धि की कामना की जाती है।
छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर आसमान में दिखेगी भारतीय वायुसेना की पराक्रम गाथा 5 नवंबर को नया रायपुर के आकाश में गूंजेगा ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक शो’ का रोमांच
भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ महापर्व
चार दिन चले इस पर्व के दौरान नदियों के घाटों पर भक्ति गीतों की गूंज रही।ढोलक की थाप, लोकगीतों और सूर्य स्तुति से वातावरण में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। घाटों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, रोशनी की व्यवस्था और स्वच्छता के विशेष प्रबंध किए गए थे।
इसके साथ ही छठी मईया के जयकारों के बीच लोक आस्था का यह महापर्व उल्लास, श्रद्धा और समर्पण के साथ संपन्न हुआ।

