जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लावाकेरा के पास आज एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही अल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी।
छत्तीसगढ़ में नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा फेरबदल: 122 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले
मृतक कुनकुरी के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे ओडिशा की ओर से कुनकुरी लौट रहे थे, तभी लावाकेरा के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तपकरा थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव अभी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के भीतर फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से कुनकुरी क्षेत्र में शोक की लहर है।

